Home > देश विदेश ,slider news,
इमारत ढही, 23 की मौत

मुंबई। à¤®à¥à¤‚बई की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भीषण वर्षा के दंश से उबरने की कोशिश कर रहे महानगर में गुरुवार को एक पांच मंजिला इमारत ढह जाने से 23 लोग मारे गए।

यह इमारत दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कास्कर के घर के ठीक बगल में है। दाऊद के बचपन और जवानी के कुछ वर्ष यही गुजरे हैं।

बचावकर्मियों ने मलबे से करीब दर्जनभर घायलों को बाहर निकाल लिया है और उनका जेजे अस्पताल में इलाज चल रहा है। 20 लोगों के अभी भी मलबे में ही दबे होने की आशंका है।

इमारत करीब 117 साल पुरानी बताई जाती है। इलाके की ज्यादातर अन्य इमारतें भी 70 से 100 साल पुरानी हैं। दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार मुहल्ले की पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला हुसैनी इमारत सुबह 8.30 बजे अचानक ढह गई।

इसमें ऊपर की मंजिलों पर नौ परिवार रहते थे और भूतल पर कुछ दुकानें थीं। 2011 में ही इसे अत्यंत जर्जर बताकर खाली करने का नोटिस दिया जा चुका था।

इसके बावजूद कई परिवार इसमें रह रहे थे और कुछ लोग भूतल पर व्यवसाय भी कर रहे थे। इमारत के भूतल पर ही एक मिठाई की दुकान थी, जहां कई मजदूर और कारीगर काम करते थे।

इन सभी के दबने की आशंका जताई जा रही है। संभवतः इस दुकान में जल रहे गैस स्टोव से ही गिरी इमारत में आग भी भड़क गई, जिसके कारण दमकल विभाग के कुछ कर्मचारी भी घायल हो गए।

राहत एवं बचाव कार्य में दमकल विभाग के अलावा एनडीआरएफ के जवान भी लगे हैं। सावधानीवश इस इमारत के अगल-बगल की इमारतों को भी आनन-फानन में खाली करवा लिया गया है।

Share This News :