Home > देश विदेश ,slider news,
नॉर्थ कोरिया ने दागी मिसाइल, जापान के ऊपर से गुजरकर समुद्र में गिरी

सियोल। लगातार अमेरिकी द्वारा मिल रही चेतावनियों और वैश्विक प्रतिबंधों के बाद भी नॉर्थ कोरिया अपनी हरकतों पर अड़ा हुआ है। दक्षिण कोरिया द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस बार फिर से उत्तर कोरिया ने मिसाइल छोड़ी है जो जापान के ऊपर से होकर गुजरी और फिर समुद्र में जा गिरी। नॉर्थ कोरिया के इस कदम से जापान की चिंता बढ़ गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया ने अपने आक्रामक रवैये से अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को स्पष्ट कर दिया है कि वॉर गेम में वह पीछे नहीं हटेगा। उधर, जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने अमेरिका से उत्तर कोरिया पर दबाव बढ़ाने को कहा है। उन्‍होंने कहा कि जापानी लोगों की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

सियोल के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा कि उत्‍तर कोरिया की इस मिसाइल ने 2,700 किलोमीटर की दूरी तय की और 550 किलोमीटर की अधिकतम ऊंचाई तक गई। मिसाइल को उत्तरी जापान के होकाइदो आइलैंड के ऊपर से दागा गया। माना जा रहा है कि 2009 के बाद यह पहली बार है, जब उत्‍तर कोरिया की मिसाइल ने जापान को पार किया है।

आपको बता दें कि इस साल उत्‍तर कोरिया ने लगातार मिसाइल परीक्षण किए हैं। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि उत्तरी कोरिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल खत्म होने से पहले ऐसा हथियार हासिल कर सकता है। जिसके जरिए वह अमेरिका को अपनी ज़द में लाएगा।

दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वह अमेरिका के साथ स्थिति का विश्लेषण कर रहा है, ताकि उत्‍तर कोरिया के अगले कदम से पहले तैयारी की जा सके। विश्लेषकों का अनुमान है कि उत्तर कोरिया ने मध्यम दूरी की नई मिसाइल का परीक्षण किया होगा।

Share This News :