Home > देश विदेश ,slider news,
ट्रम्प की वॉर्निंग के बाद PAK परेशान, नए PM ने बुलाई हाईलेवल मीटिंग

नई दिल्ली/इस्लामाबाद. डोनाल्ड ट्रम्प की पाकिस्तान को सख्त वॉर्निंग के बाद वहां की सरकार और आर्मी परेशान नजर आ रही है। आमतौर पर फॉरेन मिनिस्ट्री के जरिए जवाब देने का रास्ता इस बार नहीं अपनाया गया। गुरुवार को पाकिस्तान के नए पीएम शाहिद खान अब्बासी ने सिविल और आर्मी एडमिनिस्ट्रेशन के टॉप अफसरों से करीब चार घंटे तक मीटिंग की। बता दें कि बुधवार को ट्रम्प ने पाकिस्तान से कहा था- पाकिस्तान में लोग आतंकवाद से पीड़ित हैं, लेकिन आज पाकिस्तान आतंकियों के लिए सेफ हैवन भी है। अगर पाकिस्तान आतंकी संगठनों का साथ देता रहा तो हम इस पर चुप नहीं बैठेंगे। अब पाकिस्तान में क्या हो रहा है....

- ट्रम्प के सख्त रुख के बाद गुरुवार को दिनभर पाकिस्तान में मीटिंग्स के दौर चला। पहले पीएम ने सिविल और आर्मी अफसरों से बातचीत की। इसके बाद अब्बासी ने अपने कुछ अहम मिनिस्टर्स से बात की। इसके बाद तीनों सेनाओं के चीफ अलग से मिले।
- न्यूज एजेंसी के मुताबिक- पीएम की मीटिंग में होम मिनिस्टर अहसन इकबाल, फॉरेन मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ, चेयरमैन ज्वॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी जुबैर हयान, आर्मी चीफ बाजवा, एयरफोर्स चीफ सोहेल अमान और नेवी चीफ मुहम्मद जकाउल्ला शामिल हुए। मीटिंग पीएम हाउस में हुई।
क्या हुआ इस मीटिंग में?
- पाकिस्तान के अखबार ‘डॉन न्यूज’ के मुताबिक- मीटिंग में ट्रम्प के अफगानिस्तान और साउथ एशिया पर दिए गए बयान पर चर्चा हुई। इस बयान में ट्रम्प ने साफ कहा था कि पाकिस्तान आतंकवाद को फैलाने का काम कर रहा है।
अब्बासी अब तक चुप
- ‘डॉन न्यूज’ के मुताबिक- ट्रम्प के बयान पर पीएम अब्बासी की चुप्पी पाकिस्तान और दुनिया में सबको हैरान कर रही है। क्योंकि ट्रम्प ने सीधे तौर पर पाकिस्तान पर ही निशाना साधा है। इसमें भी खास ये है कि चीन ने तो पाकिस्तान के फेवर में बयान जारी किया लेकिन पाकिस्तान सरकार अब भी चुप है।
- खास बात ये है कि आर्मी चीफ बाजवा ने ट्रम्प को जवाब दिया लेकिन सरकार अब तक चुप है। बाजवा ने बुधवार रात कहा था- हम अमेरिका से फाइनेंशियल और मिलिट्री मदद नहीं चाहते, लेकिन चाहते हैं कि वो हम पर भरोसा करे और हमें एक मुल्क के तौर पर इज्जत दे।
- बुधवार को पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी एम्बेसेडर वहां के फॉरेन मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ से मिलने गए। उन्होंने आसिफ को ट्रम्प की अफगानिस्तान और साउथ एशिया नीति के बारे में जानकारी दी।
ट्रम्प का एक और कदम
- गुरुवार को ही अमेरिकी मीडिया में खबर आई कि डोनाल्ड ट्रम्प ने अफगानिस्तान में 4 हजार और अमेरिकी सैनिक तैनात करने को मंजूरी दे दी है। सूत्रों के मुताबिक- ट्रम्प नहीं चाहते कि तालिबान और आईएस अफगानिस्तान में जगह बना सकें। ये अमेरिका के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इसके अलावा अमेरिका हक्कानी नेटवर्क पर रोक लगाना चाहता है। हक्कानी नेटवर्क पाकिस्तान से ऑपरेट करता है।
क्या कहा था ट्रम्प ने?
- मंगलवार (भारत में बुधवार) को अर्लिंगटन के फोर्ट मेइर मिलिट्री बेस से देश को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने अमेरिकी लोगों को अफगानिस्तान और साउथ एशिया को लेकर यूएस की रणनीति की जानकारी दी।
- उन्होंने कहा था, “पाकिस्तान में लोग आतंकवाद से पीड़ित हैं, लेकिन आज पाकिस्तान आतंकियों के लिए सेफ हैवन भी है। अगर पाकिस्तान आतंकी संगठनों का साथ देता रहा तो
हम इस पर चुप नहीं बैठेंगे।”
- “अफगानिस्तान में हमारे प्रयासों से जुड़कर पाकिस्तान को बहुत फायदा हुआ है, लिहाजा आतंकियों को खत्म करने में वह हमारी मदद जारी रखे। अब वक्त आ गया है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान अपना कमिटमेंट दिखाए।”
अफगानिस्तान में बड़ी भूमिका निभाए भारत
- ट्रम्प ने कहा था, “हम चाहते हैं कि भारत, अफगानिस्तान के डेवलपमेंट में बड़ी भूमिका निभाए। भारत, अमेरिका के साथ ट्रेड में अरबों डॉलर कमाता है, हम भारत के साथ एक गहरी रणनीतिक साझेदारी डेवलप करेंगे, लेकिन हम चाहते हैं कि वो अफगानिस्तान में हमारी ज्यादा मदद करे।”
- यूएस प्रेसिडेंट ने ये भी कहा कि इराक में जो गलती हो गई, अमेरिका उसे अफगानिस्तान में नहीं दोहराना चाहता।

Share This News :