Home > देश विदेश ,slider news,
अमित शाह ने ली मंत्रियों की क्लास, कहा- 2019 में 350 से ज्यादा सीटें लेकर आना है

भारतीय जनता पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने वरिष्ठ मंत्रियों की बैठक बुलाई और चुनाव के लिए कम कस लेने का आह्वान किया. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने 350 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है.

इस बैठक में अमित शाह कहा, '150 लोक सभा सीटें ऐसी हैं जहां बीजेपी हारी थी, वहां मेहनत करने के लिए अभी से जुट जाएं.' इन सीटों को लेकर प्रजेंटेशन दिया गया. कुल 31 नेता बैठक में शामिल हुए. मंत्रियों से कहा कि ऐसी सीटों को चुनकर इन पर अगले दो साल मेहनत करनी होगी.

बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की ग्राउंड रिपोर्ट की जानकारी भी मंत्रियों से ली गई. बीजेपी मुख्यालय में हुई बैठक में कई मंत्री शामिल हुए. इनमें अनंत कुमार, रविशंकर प्रसाद, नरेंद्र सिंह तोमर, जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारमण, मनोज सिन्हा, प्रकाश जावड़ेकर और अर्जुन मेघवाल शामिल हुए. अमित शाह ने इन सभी मंत्रियों और नेताओ से जानकारी ली कि केंद्र सरकार की उनके मंत्रालय संबंधी योजनाएं ज़मीन पर किस स्तर पर पहुंची हैं.

बैठक में प्रदेशों से भी कुछ वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया था. संगठन की ओर से मंत्रियों को कई ज़िम्मेदारियां दी गई थीं जिनमें दलितों के घर भोजन शामिल था. इन सब कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी ली गई.

Share This News :