Home > देश विदेश ,
भारत अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार रहा है: डोकलाम विवाद पर बोला चीनी मीडिया

बीजिंग/नई दिल्ली.डोकलाम विवाद पर चीन ने फिर एक बार भारत काे चेतावनी दी है। यहां के सरकारी अखबार चाइना डेली ने लिखा है कि चीन के सब्र की एक हद है। वह सोचता है कि चीन अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता करेगा तो यह उसकी बड़ी भूल होगी। ऐसा करके भारत अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार रहा है। एक इंच दी, मील भर चाहता है भारत...

- चाइना डेली ने अपने लेख में लिखा है कि चीनी सैनिकों की मौजूदगी में चीन के इलाके में अतिक्रमण करना और वहां अपने सैनिकों की तैनाती बरकरार रखकर भारत चीन के साथ जंग चाहता है या कुछ और? चीन के अखबार चाइना डेली ने यह सवाल उठाया है।
- इसमें आगे लिखा है कि चीन भारत को अपने सैनिक वापस बुलाने और गंभीर नतीजों के बारे में बार-बार आगाह कर रहा है। चीन (जमीन का) ने एक इंच दिया तो भारत एक मील चाहता है। वह न सिर्फ बार-बार दी जा रही चेतावनी को अनसुना कर रहा है, बल्कि सरहद के उस हिस्से में अपनी सेना की मौजूदगी भी बढ़ा रहा है।
यह भारत का भड़काऊ कदम
- इसमें आगे लिखा है कि भारतीय न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक सरकारी अफसर का नाम न बताते हुए उनके हवाले से कहा है कि सेनाओं के बीच "चेतावनी का स्तर" (caution level) बढ़ रहा है। यह कहना मुश्किल है कि वह चीन के साथ जंग की तैयारी कर रहा है।
- एक और मामले में भारत सरकार ने बुधवार को एलान किया कि चीन से इंपोर्ट किए जाने वाले 93 प्रोडक्ट्स पर एंटी डंपिंग ड्यूटी लगाएगा। इसे भारत का एक और भड़काऊ कदम माना जा सकता है।
चीन नहीं चाहता जंग
- चाइना डेली ने आगे लिखा है कि चीन अपने पड़ोसी (भारत) के साथ किसी तरह की जंग नहीं चाहता। चीन की ओर से भारत को अपने सैनिकों को वापस बुलाने और जंग के गंभीर नतीजों के प्रति बार-बार आगाह करना उसके सब्र को बताता है।
चीन के सब्र को हल्के में लेना मूर्खता
- अखबार ने अपने ओपिनियन में आगे लिखा है कि चीन के सब्र को उसकी कमजोरी मानना और हल्के में लेना भारत की गलती और मूर्खता है। ऐसा करके भारत एक खतरनाक रास्ते पर बढ़ रहा है। भारत को अपनी समझ दिखानी चाहिए और समझना चाहिए कि चीन के सब्र की हद है। वह सोचता है कि चीन अपनी संप्रभुता (sovereignty) और क्षेत्रीय अखंडता (territorial integrity) से समझौता करेगा तो यह उसकी बड़ी भूल होगी। ऐसा करके भारत अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मारेगा।
चीन की भारत को कब-कब धमकी?
1) 10 जुलाई: चाइना डेली में आर्टिकल के जरिए। कहा गया- भारत डोकलाम से फौरन सेना हटाए।
2) 24 जुलाई:चीन की फॉरेन मिनिस्ट्री ने कहा- बातचीत की सिर्फ एक शर्त है कि भारत बिना किसी शर्त के डोलाम से अपने सैनिक हटाए।
3) 25 जुलाई: चीन के फॉरेन मिनिस्टर वांग यी ने कहा- डोकलाम का हल सिंपल है। भारत वहां से अपने सैनिक हटा ले।
4) 02 अगस्त: चीन ने 15 पेज का बयान जारी कर कहा- भारत ने घुसपैठ की है। ये भूटान-चीन का मसला है। भारत वहां से ट्रूप्स हटाए।
5) 03 अगस्त: भारत देर ना करे। ये समझा जाना चाहिए कि चीन के पास दुश्मन को हटाने की पूरी काबिलियत मौजूद है।
6) 05 अगस्त: चीन के एक एक्सपर्ट ने कहा- भारतीय सैनिकों को हटाने के लिए 2 हफ्तों में छोटा सैन्य ऑपरेशन किया जा सकता है।
7) 07 अगस्त: पीएलए के सीनियर कर्नल ली ली ने कहा- अगर भारत जंग से बचना चाहता है तो उसे डोकलाम से फौरन अपने सैनिक वापस बुला लेना चाहिए।
8) 08 अगस्त: चीन के सरकारी अखबार चाइना डेली ने मंगलवार को अपने एडीटोरियल में कहा था, "भारत 1962 की जंग का सबक भूल गया है, नेहरू ने हमें कमतर आंका था, मोदी भी हमारी वॉर्निंग को नजरअंदाज ना करें। अगर भारत डोकलाम विवाद पर चेतावनी को इसी तरह नजरअंदाज करता रहा तो बीजिंग जरूरी जवाबी कदम उठाएगा।"
क्या है डोकलाम विवाद?
- ये विवाद 16 जून को तब शुरू हुआ था, जब इंडियन ट्रूप्स ने डोकलाम एरिया में चीन के सैनिकों को सड़क बनाने से रोक दिया था। हालांकि चीन का कहना है कि वह अपने इलाके में सड़क बना रहा है।
- इस एरिया का भारत में नाम डोका ला है जबकि भूटान में इसे डोकलाम कहा जाता है। चीन दावा करता है कि ये उसके डोंगलांग रीजन का हिस्सा है। भारत-चीन का जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक 3488 km लंबा बॉर्डर है। इसका 220 km हिस्सा सिक्किम में आता है।
भारत की क्या है चिंता?
- नई दिल्ली ने चीन से कहा है कि चीन के सड़क बनाने से इलाके की मौजूदा स्थिति में अहम बदलाव आएगा, भारत की सिक्युरिटी के लिए ये गंभीर चिंता का विषय है। रोड लिंक से चीन को भारत पर एक बड़ी मिलिट्री एडवान्टेज हासिल होगी। इससे नॉर्थइस्टर्न स्टेट्स को भारत से जोड़ने वाला कॉरिडोर चीन की जद में आ जाएगा।

Share This News :