Home > देश विदेश ,
वेंकैया नायडू आज संभालेंगे उपराष्ट्रपति पद का कार्यभार

नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू आज उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे और राज्यसभा के सभापति के रूप में पदभार संभालेंगे. वह बतौर उपराष्ट्रपति अपना पहला भाषण भी देंगे. इससे पहले वह राष्ट्रपति भवन की ओर से आयोजित समारोह में शपथ लेंगे. शुक्रवार को नायडू करीब 11 बजे संसद पहुंचेंगे और औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे.

राज्यसभा में धन्यवाद अभिभाषण के बाद नायडू उपराष्ट्रपति के रूप में अपना पहला भाषण देंगे. इसके अलावा बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह राज्यसभा के सदस्य पद की शपथ लेंगे. अमित शाह गुजरात से चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुंचे हैं.

इससे पहले नायडू को देश का 13वां उपराष्ट्रपति चुना गया था. इस चुनाव में एनडीए की ओर से वेंकैया नायडू, तो विपक्ष से पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल एवं महात्मा गांधी के पौत्र गोपालकृष्ण गांधी मैदान में थे. यहां कुल पड़े 771 वोटों में वेंकैया नायडू को 516 वोट, तो गोपालकृष्ण गांधी के खाते में 244 वोट गए थे.

Share This News :