Home > देश विदेश ,slider news,
देश के 13वें उपराष्ट्रपति चुने गए वेंकैया नायडू, बोले- सभी को साथ लेकर चलूंगा

वेंकैया नायडू देश के 13वें उपराष्ट्रपति चुन लिए गए हैं. इस चुनाव में एनडीए की ओर से वेंकैया नायडू, तो वहीं विपक्ष से पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल और गांधीजी के पौत्र गोपालकृष्ण गांधी के बीच मुकाबला था. यहां कुल पड़े 771 वोटों में वेंकैया नायडू को 516 वोट, तो गोपालकृष्ण गांधी के खाते में 244 वोट गए.

इस शानदार जीत के बाद वेंकैया नायडू ने सभी देशवासियों का दिल से आभार व्यक्त किया. इसके साथ ही उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और उन्हें वोट देने वाले तमाम सांसदों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उनकी बदौलत किसान का एक बेटा आज एक अहम पद पहुंचा है. इसके साथ ही उन्होंने राज्यसभा की गरिमा बनाए रखने और सभी को साथ लेकर चलते हुए हर उम्मीद पर खरा उतरने का वादा किया.

इससे पहले पीएम मोदी ने वेंकैया नायडू के उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उनके आवास जाकर शुभकामनाएं दीं. वहीं नायडू के आवास पर जश्न का माहौल है, जहां नायडू और उनकी पत्नी उषा ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस जीत का जश्न मनाया.

 

वहीं वेंकैया नायडू ने ने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर उनके पक्ष में वोट करने वाले सभी संसद सदस्यों का अभार व्यक्त किया. इसके साथ ही उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मैं संविधान और अपने सम्मानित पूर्ववर्तियों द्वारा निर्धारित उच्च मानकों को बनाए रखने का वादा करता हूं.'

 

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके भी वेकैंया नायडू को भारत का उपराष्ट्रपति चुने जाने पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने साथ ही कहा, मुझे भरोसा है कि वेंकैया नायडू राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध एक मेहनती और समर्पित उपाराष्ट्रपति के रूप में राष्ट्र की सेवा करेंगे.

 

वेकैंया नायडू की इस जीत पर गोपालकृष्ण गांधी ने उन्हें बधाई दी. इसके साथ ही उन्होंने ने उनके पक्ष में वोट डालने का शुक्रिया अदा किया और कहा कि मुझे उम्मीदों से ज्यादा वोट मिले. वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने एनडीए के खिलाफ वोट डालने वालों को धन्यवाद दिया और कहा कि चाहे जीत मिले या हार, विपक्ष अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं करेगा.

 

Share This News :